हापुड़ (उप्र), 17 जुलाई (भाषा) जिले के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे अमरोहा के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर हापुड़ से अमरोहा की ओर जा रहा था और उस पर तीन लोग सवार थे। ट्रैक्टर के फ्लाईओवर पर चढ़ते ही पीछे से आ रहे पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि टक्कर लगते ही तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। इसमें आरिफ (45) पुत्र लतीफ की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं घायल कामिल (44) पुत्र अमजद ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मेहराज पुत्र नन्हे बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी और गाड़ी नंबर के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
भाषा सं जफर वैभव
वैभव