छत्रपति संभाजीनगर, छह अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता अशोक चव्हाण ने बारामती उपचुनाव लड़ने के कांग्रेस के फैसले पर तंज कसते हुए कहा कि इस सीट पर विपक्षी पार्टी केवल “औपचारिक मुकाबले” में है।
कांग्रेस ने पुणे जिले की बारामती सीट पर 23 अप्रैल को होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रदेश सचिव आकाश मोरे को उम्मीदवार बनाया है। यह उपचुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में राकांपा विधायक और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कारण हो रहा है।
अजित पवार की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार इस उपचुनाव के जरिये चुनावी राजनीति की शुरुआत कर रही हैं।
नांदेड़ में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में चव्हाण ने कहा, “कांग्रेस पार्टी की स्थिति मुझसे बेहतर जनता जानती है। बारामती में उसका कोई खास आधार नहीं है। अगर पार्टी उपचुनाव लड़ती है, तो यह केवल औपचारिक मुकाबला होगा।”
एक ओर जहां शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने दिवंगत अजित पवार के प्रति सम्मान के तौर पर सुनेत्रा पवार के खिलाफ उम्मीदवार न उतारने का ऐलान किया है, वहीं महा विकास आघाडी (एमवीए) के एक अन्य घटक दल शिवसेना (उबाठा) ने भी निर्विरोध चुनाव के समर्थन का संकेत दिया है। भाषा जोहेब
जोहेब