कर्नाटक के दोनों विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस जीतेगी, गारंटी योजनाएं कर रही हैं हमारी मदद: सिद्धरमैया

Ads

कर्नाटक के दोनों विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस जीतेगी, गारंटी योजनाएं कर रही हैं हमारी मदद: सिद्धरमैया

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 07:29 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 07:29 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

दावणगेरे, एक अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस के उम्मीदवार बागलकोट और दावनगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव भारी अंतर से जीतेंगे, क्योंकि सरकार की पांच गारंटी योजनाएं पार्टी को मदद करेंगी।

उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक की अर्थव्यवस्था अच्छी स्थिति में है । उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक लाभ के लिए नकारात्मक बयान देने का आरोप लगाया।

पिछले दो दिनों से बागलकोट क्षेत्र में उमेश मेती के लिए प्रचार करने के बाद मुख्यमंत्री कांग्रेस उम्मीदवार समर्थ मल्लिकार्जुन के लिए प्रचार करने दावणगेरे में हैं।

बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में नौ अप्रैल को उपचुनाव को होंगे। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक एच वाई मेती और शमनूर शिवशंकरप्पा के निधन के बाद ये चुनाव कराये जा रहे हैं।

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी सरकार के अच्छे कामों की बदौलत हम दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगे। हमारी गारंटी योजनाएं (‘शक्ति’, ‘गृह लक्ष्मी’, ‘गृह ज्योति’, ‘युवा निधि’ और ‘अन्ना भाग्य’) हमारी मदद कर रही हैं। भाजपा ने गारंटी योजनाओं का विरोध किया क्योंकि ये गरीबों के लिए कार्यक्रम हैं। वह हमेशा ऐसी पहलों का विरोध करती है।’’

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने कहा कि भाजपा दावा करती है कि गारंटी योजनाओं के कारण खजाना खाली हो गया है और राज्य को कर्ज के जाल में धकेला जा रहा है लेकिन केंद्र सरकार और भाजपा शासित अधिकांश राज्यों की तुलना में कर्नाटक के वित्त का प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जीएसटी संग्रह और निवेश आकर्षित करने के मामले में कर्नाटक देश में दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा, ‘‘तो फिर भाजपा यह कैसे कह रही है कि कर्नाटक की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है? वह राजनीति के लिए ऐसे बयान दे रही है… कर्नाटक की आर्थिक स्थिति मजबूत है। भाजपा झूठ बोल रही है।’’

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश