झारखंड में एसआईआर के दौरान कांग्रेस वैध मतदाता का नाम हटाने की अनुमति नहीं देगी : के. राजू
झारखंड में एसआईआर के दौरान कांग्रेस वैध मतदाता का नाम हटाने की अनुमति नहीं देगी : के. राजू
रांची, 27 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस झारखंड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची से किसी भी वैध मतदाता का नाम हटाने की अनुमति नहीं देगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने सोमवार को यह बात कही।
राजू ने यह भी आरोप लगाया कि एसआईआर लोगों के मौलिक अधिकारों को छीनने की भारतीय जनता पार्टी की एक ‘साजिश’ है।
राजू ने पत्रकारों से कहा, ‘पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले एसआईआर के नाम पर लगभग 27 लाख ऐसे मतदाताओं के नाम हटा दिए गए, जिनके पास सभी वैध दस्तावेज थे। झारखंड में कांग्रेस आगामी एसआईआर के दौरान किसी भी वैध मतदाता का नाम हटाने की अनुमति नहीं देगी।’
एक अधिकारी ने बताया कि झारखंड में एसआईआर प्रक्रिया का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं किया गया है, हालांकि इसके मई में शुरू होने की संभावना है।
राजू ने कहा, ‘एसआईआर के दौरान दस्तावेजो से जुड़ी समस्याओं सहित विभिन्न कारणों से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। कांग्रेस सदस्यों से कहा गया है कि वे ऐसे मतदाताओं की मदद करें, ताकि उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सकें।’
कांग्रेस की झारखंड इकाई के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राजू ने दिन में पार्टी की जिला प्रमुखों की एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें राज्य में संगठन को मजबूत करने की रणनीतियों पर चर्चा की गई।
राजू ने कहा कि बैठक के दौरान विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई, जिसमें सार्वजनिक मुद्दों पर जिला समितियों के कामकाज भी शामिल थे।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप

Facebook


