गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी को दिखाए काले झंडे
गुरुग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी को दिखाए काले झंडे
गुरुग्राम, 21 अगस्त (भाषा) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के काफिले के ग्रुरुग्राम पहुंचने पर काले झंडे दिखाए।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गुरुग्राम विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्रों के परीक्षा परिणाम जारी करने में देरी हो रही है।
यह विरोध प्रदर्शन उस समय हुआ, जब सैनी जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की बैठक में शामिल होने के बाद गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित ‘चौपाल’ कार्यक्रम और जेनएच स्टार्टअप समिट-2026 में शामिल होने जा रहे थे।
कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष वर्धन राव के नेतृत्व में 15 से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर अपनी जेबों से काले कपड़े निकालकर मुख्यमंत्री के काफिले की ओर लहराए।
काफिले के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। राव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए यह प्रदर्शन किया।
उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के विश्वविद्यालय दौरे का विरोध किया, क्योंकि गुरुग्राम विश्वविद्यालय के प्रथम वर्ष के छात्रों के परीक्षा परिणाम अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।
सैनी बृहस्पतिवार देर रात गुरुग्राम पहुंचे थे और उन्होंने बाढड़ा विधायक उमेद सिंह पातुवास की बेटी के सगाई समारोह में हिस्सा लिया था। शुक्रवार सुबह उन्होंने सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार में जिला जनसंपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठक में लोगों की शिकायतें सुनीं। बैठक में जिले से जुड़ी 17 शिकायतों पर चर्चा की गई।
भाषा शोभना पवनेश
पवनेश

Facebook


