कांग्रेस कार्य समिति महिला आरक्षण और परिसीमन पर करेगी मंथन

कांग्रेस कार्य समिति महिला आरक्षण और परिसीमन पर करेगी मंथन

कांग्रेस कार्य समिति महिला आरक्षण और परिसीमन पर करेगी मंथन
Modified Date: April 10, 2026 / 08:13 am IST
Published Date: April 10, 2026 8:13 am IST

नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शुक्रवार को पार्टी कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में महिला आरक्षण अधिनियम में संशोधन करने के सरकार के कदम, प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया और पश्चिम एशिया संघर्ष पर विचार-विमर्श करेंगे।

कांग्रेस की शीर्ष नीति निर्धारण इकाई की यह बैठक संसद के वर्तमान बजट सत्र के तहत अगले सप्ताह होने वाली दोनों सदनों की तीन दिवसीय बैठक से कुछ दिन पहले हो रही है। संसद की तीन दिवसीय बैठक 16, 17 और 18 अप्रैल को होगी।

सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार अपराह्न तीन बजे पार्टी के स्थानीय मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में होगी।

सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण अधिनियम को लागू करने और लोकसभा सीट की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करने के लिए विधेयक लाने वाली है, जिसमें करीब 270 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को उन मसौदा विधेयकों को मंजूरी दी, जिनका उद्देश्य 2029 के संसदीय चुनाव से पहले महिला आरक्षण अधिनियम को लागू करना और लोकसभा सीट की संख्या बढ़ाना है।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया है कि वह महिलाओं के लिए आरक्षण कानून में संशोधन और उसके शीघ्र कार्यान्वयन के प्रस्ताव का इस्तेमाल एक चुनावी मुद्दे के तौर पर कर रहे हैं।

कांग्रेस ने पिछले सप्ताह यह आरोप भी लगाया था कि सरकार ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने तथा चुनावी लाभ हासिल करने के लिए इस महीने संसद का ‘‘विशेष सत्र’’ बुलाया है, जो चुनाव आचार संहिता का घोर उल्लंघन है।

भाषा हक सिम्मी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में