रेजिनगर, 11 फरवरी (भाषा) तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज यहां बहुचर्चित मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू किया।
हाल ही में जनता उन्नयन पार्टी (जेयूपी) का गठन करने वाले कबीर ने घोषणा की कि बेलडांगा के रेजिनगर में इस मस्जिद का निर्माण दो साल के भीतर पूरा हो जाएगा और इसकी लागत लगभग 50-55 करोड़ रुपये आयेगी।
सैकड़ों लोगों के उत्साह के बीच, निर्माण श्रमिकों ने दोपहर के आसपास इमारत के लिए ईंटे रखने का समारोह शुरू किया। कबीर ने कहा कि कई पक्षों के विरोध के बावजूद मस्जिद का निर्माण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रहा है।
निर्माण कार्य में भागीदारी दर्शाने के लिए कई समर्थक अपने सिर पर ईंटें ढोते हुए देखे गए।
जेयूपी प्रमुख ने कहा, “विरोध करने वालों से मैं कहना चाहूंगा कि वे हट जाएं। लोगों को अपने-अपने धर्मों का पालन करने तथा मंदिर, गिरजाघर या जो चाहें बनाने की पूरी आजादी है। मैं इस्लाम के नाम पर किसी का विरोध नहीं करूंगा। मेरा उद्देश्य अल्लाह को प्रसन्न करना और अपनी धार्मिक आस्था को निभाना है, किसी पर कुछ थोपना नहीं।”
उन्होंने कहा,‘‘इस मस्जिद के निर्माण को रोकने वाली धरती पर कोई ताकत नहीं है। अल्लाह की कृपा से हम दो साल के भीतर इसका निर्माण पूरा कर लेंगे। इसे बनाने में 50-55 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।’’
कबीर ने घोषणा की कि बोर्ड परीक्षाएं होने के चलते वह फिलहाल निर्धारित ‘बाबरी यात्रा’ – नादिया के पलाशी से उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार तक 235 किलोमीटर की रैली – को स्थगित रखेंगे।
उन्होंने कहा कि इसके बजाय, वह बृहस्पतिवार को पलाशी से बेलडांगा तक 22 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे।
कबीर ने पिछले साल छह दिसंबर को अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद की नींव रखी थी।
बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी के मौके पर उठाए गए इस कदम से पश्चिम बंगाल में तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आयीं। खबरों के मुताबिक उन्होंने पहले दो दिनों में ही 28 लाख रुपये से अधिक का चंदा जुटाया था।
भरतपुर से तृणमूल विधायक को कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया गया था जिसके बाद उन्होंने अपनी खुद की पार्टी बनाई।
कबीर ने आज यह भी घोषणा की कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों को टक्कर देगी।
आज के घटनाक्रम पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि यह निर्माण ‘मुस्लिम वोट बैंक को मजबूत करने’ के उद्देश्य से किया जा रहा है लेकिन बंगाल के मतदाताओं पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हुमायूं कबीर जिस कारण से यह मस्जिद बनवा रहे हैं, उसी कारण से ममता बनर्जी राज्य भर में मंदिर बनवा रही हैं, यानी सांप्रदायिक आधार पर मतदाताओं को एकजुट करने के लिए। इसका मतदाताओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि लोगों को विकास की जरूरत है।’’
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण ‘कयामत’ (कयामत के दिन) तक कभी नहीं होगा।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश