श्री विजय पुरम, 20 मई (भाषा) कोलकाता में थाईलैंड की महावाणिज्यदूत सिरिपोर्न तांतिपन्याथेप ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डी के जोशी के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
थाईलैंड की राजनयिक के साथ चेन्नई स्थित थाई ट्रेड सेंटर के निदेशक चेक जीनाफन भी मौजूद थे। सिरिपोर्न ने मंगलवार को यहां लोक निवास में उपराज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान मत्स्य पालन और पर्यटन के क्षेत्र में पारस्परिक सहयोग, प्रत्यक्ष अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर चर्चा हुई।
थाईलैंड की अधिकारी ने कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह और थाईलैंड उच्च गुणवत्ता वाले यात्रा अनुभव, वेलनेस पर्यटन और ‘डेस्टिनेशन वेडिंग’ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा मत्स्य पालन, एडवेंचर पर्यटन और लग्जरी रिसॉर्ट जैसे क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं हैं।
बयान में कहा गया है, “सिरिपोर्न तांतीपन्याथेप और उपराज्यपाल ने (केंद्र सरकार के विचार-विमर्श के साथ) अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह और थाईलैंड के विकास में एक-दूसरे की सहायता करने पर सहमति जताई है।’’
सूत्रों ने बताया कि दोनों देशों के सभी हितधारक जल्द ही फिर बैठक करेंगे ताकि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस चर्चा को आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह और थाईलैंड के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं शुरू करने के मुद्दे पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा