हैदराबाद, 20 मई (भाषा) साउथवेस्ट एयरलाइंस ने अपने हैदराबाद कार्यालय के उद्घाटन की बुधवार को घोषणा की जो उसके वैश्विक नवाचार केंद्र (जीआईसी) के रूप में कार्य करेगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वैश्विक नवाचार केंद्र (जीआईसी) को यहां स्थित उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी साउथवेस्ट एयरलाइंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों का पूरा सहयोग प्राप्त होगा।
आईटी एवं उद्योग मंत्री दुद्दिला श्रीधर बाबू ने इस केंद्र का उद्घाटन किया। उनके साथ हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की महावाणिज्य दूत लॉरा विलियम्स और तेलंगाना के आईटी सलाहकार साई कृष्णा भी उपस्थित रहे।
श्रीधर बाबू ने कहा कि यहां जीआईसी स्थापित करने का साउथवेस्ट एयरलाइंस का निर्णय वैश्विक परिवहन, विमानन इंजीनियरिंग, वैमानिकी और अगली पीढ़ी के प्रौद्योगिकी नवाचारों के भविष्य को आकार देने में हैदराबाद के रणनीतिक महत्व को दर्शाता है।
साउथवेस्ट एयरलाइंस की कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य सूचना अधिकारी लॉरेन वुड्स ने कहा, ‘‘ हैदराबाद कार्यालय साउथवेस्ट एयरलाइंस को महत्वपूर्ण व्यवसाय एवं प्रौद्योगिकी कौशल विकसित करने के हमारे प्रयासों को आगे बढ़ाता है।’’
साउथवेस्ट के उपाध्यक्ष एवं वैश्विक नवाचार प्रमुख (भारत) कृष्णा कालेप्पल्ली ने कहा, ‘‘ हैदराबाद कार्यालय के माध्यम से हम कृत्रिम मेधा (एआई), डेटा, अगली पीढ़ी की इंजीनियरिंग और अन्य व्यावसायिक संचाल में क्षमताओं का निर्माण कर रहे हैं…’’
भाषा निहारिका
निहारिका