ठाणे, 20 मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में जनगणना के काम में लगाए गए दो सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कर्तव्य में कथित लापरवाही के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक बदलापुर के एक स्कूल में लिपिक है और उसे पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था। जबकि, दूसरा आरोपी कुलगांव-बदलापुर नगर परिषद कार्यालय से जुड़ा एक कंपाउंडर है जिसे जनगणना 2027 के लिए आवासों की सूची बनाने का अभियान चलाने के लिए नामित किया गया था।
बदलापुर थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘दोनों ने निर्धारित कार्यालय में रिपोर्ट नहीं की। इसके अलावा, उच्च अधिकारियों द्वारा बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद, उन्होंने सौंपे गए कार्यों को शुरू करने से इनकार कर दिया और राष्ट्रीय परियोजना में भाग लेने में पूरी तरह से अरुचि दिखाई।’
जनगणना कार्यों की देखरेख करने वाले एक अधिकारी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, पुलिस ने सोमवार को दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवज्ञा) और जनगणना अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
भाषा तान्या वैभव
वैभव