प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में दंपति और दो बेटे गिरफ्तार

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में दंपति और दो बेटे गिरफ्तार

प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में दंपति और दो बेटे गिरफ्तार
Modified Date: September 22, 2026 / 12:15 am IST
Published Date: September 22, 2026 12:15 am IST

नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके में छज्जे के निर्माण को लेकर हुए विवाद के बाद एक प्रॉपर्टी डीलर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने के एक दिन बाद पुलिस ने एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, इस मामले का एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस ने बताया कि मृतक 42 वर्षीय मनजीत सिंह उर्फ बंटी पर 19 और 20 सितंबर की दरमियानी रात कालकाजी इलाके की एक इमारत में जारी निर्माण कार्य से जुड़े विवाद के दौरान कथित तौर पर हमला किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र सिंह उर्फ राज्जी, उसकी पत्नी और उनके दो बेटों के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि घटना में कथित तौर पर शामिल एक अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवाद इमारत में एक ‘छज्जे’ के विस्तार के निर्माण को लेकर शुरू हुआ था।

सूत्रों ने बताया कि अनधिकृत निर्माण को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा इमारत पर नोटिस चस्पा किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।

मनजीत कालकाजी में एक फ्लैट में अपने परिवार के साथ रहता था और प्रॉपर्टी डीलर के रूप में काम करता था। वह कथित तौर पर निर्माण कार्य करवा रहा था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इमारत के भूतल पर सूर्य बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी का कार्यालय है, जहां मनजीत और अन्य प्रॉपर्टी डीलर अक्सर आते-जाते थे।

सूत्रों के अनुसार, बालकनी में किया जा रहा निर्माण कार्य मनजीत और दूसरे पक्ष के बीच मतभेद का कारण बन गया था।

उन्होंने बताया कि एमसीडी की कार्रवाई के बाद विवाद और बढ़ गया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

पुलिस के अनुसार, भूतल और तीसरी मंजिल के निवासियों के बीच हुआ विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।

इस झड़प में मनजीत और उसके छोटे भाई दिलबाग सिंह घायल हो गए। दोनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां मनजीत को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दिलबाग को बाद में छुट्टी दे दी गई।

परिजनों ने पहले आरोप लगाया था कि झड़प के दौरान कई लोगों ने मनजीत को घेर लिया और उसे पीटा।

परिजनों के अनुसार, जब दिलबाग ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई।

पुलिस ने घटना के बाद शुरुआती कार्रवाई में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया था और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के बाद राजेंद्र सिंह उर्फ राज्जी, उसकी पत्नी और उनके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया गया।

जांचकर्ता घटना के क्रम को स्थापित करने और झड़प के दौरान मौजूद प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने के लिए इमारत और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं।

इस बीच, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले के निपटारे में कथित लापरवाही को लेकर दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। संबंधित बीट अधिकारी और ड्यूटी अधिकारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

मनजीत की मौत से जुड़ी आपराधिक जांच से अलग पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी सत्यापित कर रही है कि निर्माण विवाद को लेकर पहले कोई शिकायत या सूचना मिली थी या नहीं और उस पर क्या कार्रवाई की गई थी।

भाषा नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में