नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां बाहरी उत्तरी जिले में चलती बस में एक शख्स के साथ चाकू के बल पर लूटपाट करने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय दीपक और उसकी 23 साल की पत्नी के तौर पर हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह स्वरूप नगर निवासी रवि कुमार बस से खेड़ा खुर्द जा रहे थे तभी बस में सवार एक महिला ने लगभग 11:50 बजे शिकायतकर्ता पर दुर्व्यवहार का झूठा आरोप लगाया और इसके बाद उसके पति दीपक ने चाकू लहराते हुए कुमार को धमकाया और उनसे कीमती सामन देने को कहा।
अधिकारी के मुताबिक, खतरे को देखते हुए पीड़ित ने अपना मोबाइल फोन और बटुआ उसे सौंप दिया, जिसमें 7,600 रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
बाहरी उत्तर दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पटेल नीरव कुमार ने बताया कि बस परिचालक ने तुरंत पीसीआर को सूचित किया।
उन्होंने बताया कि पुरुष ने बस से कूदकर भागने का प्रयास किया, जबकि महिला को बस के कर्मचारियों और शिकायतकर्ता ने मौके पर ही पकड़ लिया।
अधिकारी ने बताया कि पास में गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने शोर सुना और तुरंत आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया और थोड़ी ही दूरी पर उसे दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि इस बाबत अलीपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटेल नीरव कुमार ने बताया कि दीपक लूट और चोरी के चार मामलों में संलिप्त पाया गया है और पिछले साल दिसंबर में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास लूटे गए पैसे, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। साथ में चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश