अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ की सीबीआई जांच के लिए न्यायालय में याचिका दायर

अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ की सीबीआई जांच के लिए न्यायालय में याचिका दायर

अन्नाद्रमुक के पूर्व विधायकों की ‘खरीद-फरोख्त’ की सीबीआई जांच के लिए न्यायालय में याचिका दायर
Modified Date: June 9, 2026 / 07:23 pm IST
Published Date: June 9, 2026 7:23 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार बनाने के लिए विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त किये जाने को लेकर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) महासचिव और चार अन्य विधायकों के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग करते हुए उच्चतम न्यायालय में एक याचिका दायर की गई है।

चारों विधायक अन्नाद्रमुक के विधानसभा सदस्य के तौर पर इस्तीफा देने के बाद सत्तारूढ़ दल टीवीके में शामिल हो गए थे।

एम श्रीनिवासन द्वारा दायर याचिका में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को टीवीके के महासचिव एन आनंद उर्फ ​​बुस्सी एन आनंद और अन्नाद्रमुक के चार पूर्व विधायकों — के. मरगथम कुमारवेल (मदुरंथकम विधानसभा क्षेत्र), एस. जयकुमार (पेरुंदुरई), पी. सत्यबामा (धरपुरम) और एसाक्की सुबाया (अंबासमुद्रम) के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

चारों विधायक अन्नाद्रमुक के विधानसभा सदस्य के तौर पर इस्तीफा देने के बाद 25 और 26 मई को टीवीके में शामिल हो गए थे।

अधिवक्ता अचिंत्य तिवारी के माध्यम से दायर याचिका में सीबीआई को अदालत द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने और रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है।

याचिका में न्यायालय से अनुरोध किया गया है कि वह संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत अपनी शक्ति का प्रयोग करते हुए उन उम्मीदवारों की चुनाव बाद खरीद-फरोख्त रोकने के लिए विशिष्ट नियम बनाए, जिन्हें या तो विधानसभा अध्यक्ष द्वारा अयोग्य घोषित कर दिया गया हो या जिन्होंने बिना किसी वैध, ठोस और न्यायसंगत कारण के विधानसभा से इस्तीफा दिया हो।

याचिकाकर्ता ने यह भी अनुरोध किया कि शीर्ष अदालत द्वारा नियम बनाए जाने तक अन्नाद्रमुक के चार पूर्व विधायकों को बतौर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में या किसी भी राजनीतिक दल के समर्थन से उपचुनाव लड़ने से रोकने के लिए निषेधाज्ञा जारी की जाए।

अभिनेता से नेता बने सी जोसेफ विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

हालांकि, 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा के लिए हुए चुनाव में टीवीके बहुमत के आंकड़े को नहीं छू सकी, लेकिन विजय कांग्रेस, वीसीके, भाकपा, माकपा और आईयूएमएल का समर्थन हासिल कर 120 के आंकड़े तक पहुंच गए तथा सरकार बनाने के लिए आवश्यक 118 का आंकड़ा पार कर लिया।

वहीं, 13 मई को सदन से द्रमुक के बहिर्गमन के बीच, अन्नाद्रमुक के 25 बागी विधायकों के समर्थन से विजय ने विश्वास मत हासिल कर लिया।

हालांकि, विधायकों की खरीद-फरोख्त से संबंधित विपक्ष के आरोपों को विजय खारिज करते रहे हैं।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में