वायनाड (केरलम), 20 सितंबर (भाषा) मलयालम समाचार टीवी चैनल के प्रबंध निदेशक (एमडी) एंटो ऑगस्टीन को यहां उनके पैतृक घर से अनुमेय सीमा से अधिक शराब बरामद होने के मामले में आबकारी विभाग की एक दिन की हिरासत पूरी होने के बाद रविवार को सुल्तान बाथरी की एक अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
ऑगस्टीन की एक दिन की आबकारी हिरासत पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक मजिस्ट्रेट अधीना बीजू के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने ऑगस्टीन को मनंतवाडी स्थित वायनाड जिला जेल भेज दिया।
जेल में प्रवेश करने से पहले ऑगस्टीन ने पत्रकारों से कहा कि वह उनके सवालों का जवाब बाद में देंगे।
आबकारी विभाग की 24 घंटे की हिरासत के दौरान जांच दल मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए ऑगस्टीन को उनके पैतृक घर ले गया।
अधिकारियों ने बताया कि ‘रिपोर्टर ब्रॉडकास्टिंग कंपनी’ के प्रबंध निदेशक ऑगस्टीन के खिलाफ जांच के लिए उनके पैतृक घर पहुंचे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शराब की बोतलें बरामद करने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया था।
कंपनी द्वारा प्रायोजित एक असफल फुटबॉल आयोजन में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए ये एसआईटी गठित की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी ने जब्त शराब को आबकारी विभाग को सौंप दिया था, जिसके बाद विभाग ने मामला दर्ज कर ऑगस्टीन को गिरफ्तार किया।
भाषा शफीक रंजन
रंजन