गुरुग्राम, नौ जून (भाषा) हरियाणा पुलिस ने नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ी कोठी के पास एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक कथित गो तस्कर को पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान आरोपी का एक साथी भागने में सफल रहा।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे नलहार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल पर एक पिकअप वाहन से पांच मवेशियों के साथ-साथ अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। उसने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, तस्कर एक पिकअप वाहन में मवेशियों को ले जा रहे थे और जब पुन्हाना अपराध जांच एजेंसी की एक टीम ने एक्सप्रेसवे पर बड़ी कोठी के पास उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे बैरिकेड तोड़कर भागने लगे।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तस्करों का पीछा किया।
अधिकारी के मुताबिक, “पीछा करने के दौरान पिकअप वाहन में सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की। इसके बाद वे गोलीबारी करते हुए वाहन से बाहर निकले और पैदल भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।”
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान असलम के रूप में हुई है जो मध्यप्रदेश के मंदसौर का रहना वाला है।
अधिकारी के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापे मार रही है।
भाषा पारुल नरेश
नरेश