विपक्ष के उप नेता पद पर भाकपा का दावा जायज, विजयन को दरियादिली दिखानी चाहिए: डी राजा
विपक्ष के उप नेता पद पर भाकपा का दावा जायज, विजयन को दरियादिली दिखानी चाहिए: डी राजा
नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने सोमवार को कहा कि केरल विधानसभा में विपक्ष के उप-नेता का पद पाने की उनकी पार्टी की मांग पूरी तरह जायज है।
राजा ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन से इस मुद्दे पर अधिक उदार रुख अपनाने का आग्रह किया।
डी राजा पत्रकारों के उन सवालों का जवाब दे रहे थे, जो विजयन के हालिया बयान से जुड़े थे। विजयन ने कहा था कि भाकपा द्वारा दावा ठोके जाने के बावजूद अगर जरूरत पड़ी तो विपक्ष के उप-नेता के पद पर केवल माकपा के किसी नेता को ही नियुक्त किया जाएगा। विजयन केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) हैं।
डी राजा ने कहा, ‘जहां तक हमारी पार्टी का सवाल है, उप-नेता पद की हमारी मांग बिल्कुल जायज है। भाकपा काफी समय से इसकी मांग कर रही है और इस पर द्विपक्षीय स्तर पर चर्चा भी की जा रही थी।’
उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आया कि विजयन ने इस पद के लिए माकपा नेता के पक्ष में बयान क्यों दिया।
भाकपा महासचिव ने कहा, ‘कामरेड पिनराई विजयन भारत के पूरे वामपंथी आंदोलन के एक वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें और अधिक उदारता दिखानी चाहिए, जिससे एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) को और मजबूती मिल सकती है।’
हाल ही में भाकपा के राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने भी विजयन की टिप्पणी पर चिंता व्यक्त की थी और अपनी पार्टी की मांग को दोहराया था।
वामपंथी गठबंधन (एलडीएफ) में माकपा के बाद भाकपा दूसरी सबसे बड़ी घटक पार्टी है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


