शबरिमला को मिल्मा घी की आपूर्ति में अनियमितता की जांच करेगी अपराध शाखा: मंत्री
शबरिमला को मिल्मा घी की आपूर्ति में अनियमितता की जांच करेगी अपराध शाखा: मंत्री
तिरुवनंतपुरम, चार अगस्त (भाषा) केरल के देवस्वोम मंत्री के. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि शबरिमला मंदिर में मिल्मा घी की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं की जांच राज्य पुलिस की अपराध शाखा को सौंपी जाएगी।
मंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि देवस्वोम सतर्कता पुलिस अधीक्षक को इस मामले से जुड़ी सभी फाइल सुरक्षित रखने और उन्हें अपराध शाखा को सौंपने का निर्देश दिया गया है।
मुरलीधरन ने कहा कि मामले की जांच अपराध शाखा को सौंपी जा रही है क्योंकि मंदिर में आपूर्ति किए गए घी में मिलावट का आरोप है।
उन्होंने कहा, ‘‘जो घी खरीदा गया था, वह सन्निधानम नहीं पहुंचा।’’
यह कदम केरल उच्च न्यायालय के उस निर्देश के एक दिन बाद उठाया गया है जिसमें मामले की जांच सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो से कराने को कहा गया था।
उच्च न्यायालय का मानना है कि मुख्य सतर्कता एवं सुरक्षा अधिकारी की शुरुआती जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी से प्रथम दृष्टया यह संकेत मिलता है कि ‘मिल्मा’ से घी की आपूर्ति के मामले में त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के कुछ सदस्यों और अधिकारियों की मिलीभगत रही होगी।
अदालत का यह भी मानना है कि प्रथम दृष्टया इससे बोर्ड को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
मिल्मा के अध्यक्ष के.एस. मणि ने सोमवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया कि शबरिमला मंदिर में घी की आपूर्ति से जुड़ी कथित गड़बड़ी में डेयरी सहकारिता की कोई भूमिका थी।
भाषा सुभाष शोभना
शोभना

Facebook


