नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली में अमर कॉलोनी के पास संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद 15,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश पुलिस की वांछित सूची में शामिल मोहम्मद रिजवान अमर कॉलोनी क्षेत्र में है, और उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया था।
हालांकि, जब पुलिस दल ने रिजवान को गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश में कथित रूप से गोलीबारी शुरू कर दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टीम ने जवाबी कार्रवाई की और रिजवान के दाहिने पैर में गोली लग गई जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
पुलिस ने बताया कि रिजवान दिल्ली में अपराध करने के इरादे से आया था लेकिन अपने मंसूबे को अंजाम देने से पहले ही उसे पकड़ लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश