अमृतसर में सीमा पार हथियार तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपियों में नाबालिग शामिल

Ads

अमृतसर में सीमा पार हथियार तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपियों में नाबालिग शामिल

  •  
  • Publish Date - March 19, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - March 19, 2026 / 09:11 PM IST

चंडीगढ़, 19 मार्च (भाषा) पंजाब में सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल के सिलसिले में एक नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ा गया है। पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (27), मनीष कुमार उर्फ जेरी (24), सरूप सिंह उर्फ रूप (27), चमकौर सिंह (20) और वंश शर्मा (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सात पिस्तौल बरामद की गई हैं।

यादव ने कहा कि जांच में पता चला है कि आरोपी पुर्तगाल स्थित एक विदेशी आका के संपर्क में थे, जो ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से अवैध हथियारों की तस्करी में मदद कर रहा था। उन्होंने कहा कि आरोपी इन खेपों को प्राप्त कर आगे आपराधिक तत्वों को इसकी आपूर्ति करते थे।

उन्होंने बताया कि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ करने के लिए मामले की जांच जारी है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अभियान चलाकर आरोपियों को पकड़ा गया।

उन्होंने बताया कि मनीष पिछले वर्ष बटाला में पुलिस अधिकारियों पर गोलीबारी के मामले में फरार था। वहीं आरोपी सरूप चोरी तथा स्वापक ओषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दर्ज कई मामलों में शामिल रहा है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव