सीआरपीएफ की स्थापना दिवस परेड पहली बार असम में, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

सीआरपीएफ की स्थापना दिवस परेड पहली बार असम में, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि

सीआरपीएफ की स्थापना दिवस परेड पहली बार असम में, अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
Modified Date: February 17, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: February 17, 2026 4:34 pm IST

गुवाहाटी, 17 फरवरी (भाषा) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) 21 फरवरी को पहली बार उत्तर पूर्व में अपनी स्थापना दिवस परेड का आयोजन करेगा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। शीर्ष अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि समारोह में लगभग 1,400 जवानों वाली आठ टुकड़ियां बल के उपकरणों और अन्य तैयारियों का प्रदर्शन करेंगी।

बल के उत्तर पूर्व क्षेत्र के विशेष महानिदेशक राजा श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘पहली बार, सीआरपीएफ उत्तर पूर्व में अपनी स्थापना दिवस के अवसर पर परेड आयोजित कर रहा है, जो इस इलाके के साथ उसके गहरे जुड़ाव और शांति, स्थिरता तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उसकी सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘शनिवार को होने वाली स्थापना दिवस परेड में अमित शाह जी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह मौका सीआरपीएफ जवानों की सेवा और बलिदान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा में उनके योगदान का सम्मान करने का होगा।’’

श्रीवास्तव ने कहा कि महानिदेशक परेड बृहस्पतिवार को होगी जिसमें सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

दोनों कार्यक्रम गुवाहाटी के सरुसजाई स्टेडियम में आयोजित होंगे।

प्रेस वार्ता में मौजूद एसडीजी (प्रशिक्षण) दीपक कुमार ने कहा, ‘‘सीआरपीएफ के आठ सेक्टरों से टुकड़ियों, बैंड और बिगुल बजाने वालों समेत करीब 1,400 जवान इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।’’

परेड की कमान कमांडेंट स्तर के अधिकारी दीपक डौंडियाल संभालेंगे। कुमार ने कहा कि सेक्टरों के टुकड़ी कमांडर सहायक कमांडेंट स्तर के अधिकारी होंगे।

सीआरपीएफ की स्थापना दिवस परेड के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री 26 पुरस्कार प्रदान करेंगे, जिनमें छह असाधारण सेवा पदक और पांच ट्रॉफी शामिल हैं।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में