कोच्चि, छह फरवरी (भाषा) केरल के कोच्चि में आधे दाम पर सामान बेचने का झूठा वादा करने या सीएसआर निधि घोटाले के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ नेता समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घोटाला सीएसआर निधि का उपयोग करके लोगों को स्कूटर और लैपटॉप आधी कीमत पर बेचने का झूठा वादा करके कथित तौर पर उनसे ठगी करने से संबंधित है।
इस मामले में एक महिला की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा इरादा) के तहत भाजपा नेता ए एन राधाकृष्णन सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता महिला ने कहा था कि उससे 63,500 रुपये लेने के बाद उसे वादे के मुताबिक स्कूटर नहीं दिया गया।
महिला की शिकायत के अनुसार, मई 2024 में यह धनराशि ‘सोसाइटी फॉर इंटीग्रेटेड ग्रोथ ऑफ द नेशन’ (साइन) नामक एक गैर सरकारी संगठन के प्रतिनिधियों को सौंपी गई थी।
पुलिस ने बताया कि महिला के इस बयान के आधार पर राधाकृष्णन का नाम प्राथमिकी में शामिल किया गया है कि वह कथित तौर पर गैर सरकारी संगठन ‘साइन’ से जुड़े हुए हैं।
राधाकृष्णन ने अभी इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है और उनसे फोन पर संपर्क नहीं हो पाया है।
राज्य भर में इसी तरह की कई शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें मुख्य आरोपी आनंदु कृष्णन और ‘नेशनल एनजीओ कन्फेडरेशन’ के अध्यक्ष के. एन. अनंतकुमार हैं।
इन शिकायतों के अनुसार, आरोपियों ने लाभार्थियों को यह दावा करते हुए लैपटॉप, दोपहिया वाहन और सिलाई मशीनें उपलब्ध कराने का वादा किया था कि लागत का आधा हिस्सा एनजीओ कन्फेडरेशन और सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) निधि से लिया जाएगा, जबकि शेष आधा हिस्सा लाभार्थियों द्वारा दिया जाएगा।
भाषा गोला वैभव
वैभव