दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने मई में दर्ज की अब तक की सबसे अधिक कमाई

दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने मई में दर्ज की अब तक की सबसे अधिक कमाई

दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे ने मई में दर्ज की अब तक की सबसे अधिक कमाई
Modified Date: June 3, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: June 3, 2026 5:29 pm IST

कुर्सियांग (पश्चिम बंगाल), तीन जून (भाषा) गर्मी के मौसम में पहाड़ियों पर पर्यटकों की भारी आमद के चलते दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) ने मई महीने में 395.60 लाख रुपये का राजस्व कमाया है, जो किसी भी एक महीने में उसकी अब तक की सबसे अधिक कमाई है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि न्यू जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के बीच चलने वाली, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) की इस विश्व धरोहर ‘टॉय ट्रेन’ सेवा का जून 2026 में भी अनुमानित राजस्व 370 लाख रुपये से अधिक होने की संभावना है।

अधिकारी ने एक बयान में कहा, ‘डीएचआर ने (किसी भी एक महीने में) 395.60 लाख रुपये का अपना अब तक का सबसे अधिक राजस्व दर्ज किया है, जिसने मई 2025 में बने 358.60 लाख रुपये के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।’

पिछले पांच वर्षों के दौरान गर्मी के महीने (मई) में डीएचआर की यात्री कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि, वर्ष 2024 इसका अपवाद रहा, जब उस महीने पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान हुआ था।

अधिकारी के मुताबिक, मई महीने में इस ‘टॉय ट्रेन’ सेवा ने वर्ष 2022 में 319.64 लाख रुपये, 2023 में 358.18 लाख रुपये, 2024 में 288.58 लाख रुपये और 2025 में 358.60 लाख रुपये की कमाई की थी।

इस मार्ग पर सबसे लोकप्रिय सेवा दार्जिलिंग और घूम के पर्यटकों के लिए चलने वाली ‘जॉयराइड’ है, जिसका ठहराव प्रसिद्ध ‘बतासिया लूप’ पर भी होता है।

यह ऐतिहासिक रेलवे कई ट्रेन सेवाएं संचालित करता है, जिसमें शीशे की छत वाले (विस्टाडोम) कोच और एक रेस्तरां कार (भोजन सुविधा वाला डिब्बा) से लैस ट्रेन भी शामिल है।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में