डीडीए ‘जन साधारण आवास योजना 2025’ के तहत 1,000 से अधिक फ्लैट के लिए पंजीकरण शुरू करेगा

डीडीए ‘जन साधारण आवास योजना 2025’ के तहत 1,000 से अधिक फ्लैट के लिए पंजीकरण शुरू करेगा

डीडीए ‘जन साधारण आवास योजना 2025’ के तहत 1,000 से अधिक फ्लैट के लिए पंजीकरण शुरू करेगा
Modified Date: September 10, 2025 / 08:56 pm IST
Published Date: September 10, 2025 8:56 pm IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की ‘जन साधारण आवास योजना 2025’ के लिए पंजीकरण बृहस्पतिवार से शुरू होगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

योजना के तहत डीडीए बाहरी दिल्ली क्षेत्रों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और जनता श्रेणी के कुल 1,172 फ्लैट की पेशकश कर रहा है।

डीडीए के परिपत्र में कहा गया है, ‘‘सभी के लिए किफायती आवास सुनिश्चित करने की विभिन्न पहलों के तहत डीडीए दिल्ली के विभिन्न इलाकों में ईडब्ल्यूएस/जनता श्रेणी के 1,172 फ्लैट की बिक्री के लिए जन साधारण आवास योजना शुरू कर रहा है। ये फ्लैट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिए जाएंगे।’’

ये फ्लैट नरेला, लोकनायकपुरम, रोहिणी, टोडापुर, द्वारका सेक्टर 14 और 19-बी, और मंगलापुरी सहित सात स्थानों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

परिपत्र में कहा गया है, ‘‘आवेदक के परिवार की आय के साथ ईडब्ल्यूएस फ्लैट के लिए आवेदन करने वाले संयुक्त/सह-आवेदक की आय, प्रति वर्ष 10 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। दोनों परिवारों को अलग-अलग माना जाएगा। जनता श्रेणी के फ्लैट के लिए कोई आय मानदंड नहीं है।’’

परिपत्र के अनुसार, ‘‘नरेला में डीडीए 672 ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट की पेशकश कर रहा है, जो एक स्थान पर सबसे अधिक है। इन फ्लैट की कीमतें 9.18 लाख रुपये से 27.86 लाख रुपये तक हैं और प्लिंथ क्षेत्र 34.76 वर्गमीटर से 61.99 वर्गमीटर तक हैं। रोहिणी में 97 जनता श्रेणी के फ्लैट हैं जिनकी कीमत 14.59 लाख रुपये से शुरू होती है। इनमें प्लिंथ क्षेत्र 28 वर्गमीटर से 28.81 वर्गमीटर तक है।

परिपत्र के मुताबिक, ‘‘डीडीए के आवास पोर्टल के लिए एकमुश्त पंजीकरण शुल्क 2,500 रुपये है। पोर्टल पर पहले से पंजीकृत आवेदकों को फिर से पंजीकरण शुल्क का भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा, प्रत्येक फ्लैट की बुकिंग राशि 50,000 रुपये है। आवेदक कितने फ्लैट बुक कर सकता है, इसकी कोई सीमा नहीं होगी।’’

भाषा सुरभि माधव

माधव


लेखक के बारे में