गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब का मामला: मृतक संख्या बढ़कर सात हुई, 30 लोग अस्पताल में भर्ती

गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब का मामला: मृतक संख्या बढ़कर सात हुई, 30 लोग अस्पताल में भर्ती

गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब का मामला: मृतक संख्या बढ़कर सात हुई, 30 लोग अस्पताल में भर्ती
Modified Date: August 20, 2026 / 12:55 pm IST
Published Date: August 20, 2026 12:55 pm IST

भावनगर (गुजरात), 20 अगस्त (भाषा) गुजरात के भावनगर जिले में जहरीली शराब के सेवन से मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है जबकि 30 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

भावनगर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) आर.वी. असारी ने बताया कि इस मामले में अब तक 12 शराब तस्करों को हिरासत में लिया गया है और 21 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गुजरात एक शराब-मुक्त राज्य है जहां शराब के निर्माण, बिक्री और उसके सेवन पर पाबंदी है।

असारी ने बताया कि जहरीली शराब के सेवन से सात लोगों की मौत हो गई है और 30 लोगों का इलाज हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘वरतेज थाना क्षेत्र में खराकड़ी गांव में जहरीली और रसायन-युक्त शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत के बाद दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 21 लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई।’’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और राज्य निगरानी प्रकोष्ठ की एक टीम को इसकी जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’

पुलिस के मुताबिक, पीड़ितों ने इंडियन मेड फॉरेन लिकर (आईएमएफएल) नामक एक लोकप्रिय ब्रांड की शराब पी थी।

भावनगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन को मंगलवार शाम करीब छह बजे जिले के घोघा तालुका के खराकड़ी गांव में जश्न के दौरान अवैध शराब के सेवन से पांच दोस्तों के एक समूह के बीमार पड़ने की सूचना मिली थी। बाद में पता चला कि भावनगर शहर के अन्य गांवों और इलाकों के लोग भी इससे प्रभावित हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) नितेश पांडेय ने बताया कि कुछ दिन पहले खरखड़ी गांव में लोगों के एक समूह ने आईएमएफएल ब्रांड की एक ‘‘डुप्लीकेट’’ बोतल से शराब पी थी, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

निजी अस्पतालों में जारी निशुल्क इलाज शिविर की निगरानी के लिए सर टी हॉस्पिटल और अहमदाबाद के किडनी हॉस्पिटल आईकेडीआरसी से चिकित्सकों की टीम को भी बुलाया गया।

एसपी ने बुधवार को बताया कि पीड़ितों की जांच में एक जैसी बात सामने आई है कि उनमें से अधिकतर लोगों ने जहरीली शराब की बोतलों से शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये बोतलें मध्य प्रदेश से लाई गई थीं। अब इस बात की जांच की जा रही है कि इन्हें वास्तव में कहां से लाया गया, इनका निर्माण कैसे किया गया और इन्हें भावनगर कौन भेज रहा था।

अधिकारी ने बताया कि अवैध शराब कारोबारियों से इसी ब्रांड की कई बोतलें जब्त की गई हैं और जहरीली शराब की आपूर्ति में शामिल अन्य कारोबारियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में