राजस्थान में पुलिस उपनिरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
राजस्थान में पुलिस उपनिरीक्षक रिश्वत लेते गिरफ्तार
जयपुर, 20 अगस्त (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को कोटपूतली में एक उपनिरीक्षक को 3,500 रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उनके अनुसार, पुलिस थाना कोटपूतली के उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया गया है।
ब्यूरो के एक बयान के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके द्वारा बैंक के विरुद्ध अदालत के माध्यम से कोटपूतली थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया था। परिवादी के अनुसार, आरोपी राजेंद्र सिंह इसके अनुसंधान अधिकारी हैं और वे आगे की कार्रवाई करने की एवज में पांच हजार रुपए मांग रहे हैं।
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी ने रिश्वत मांगते हुए 1500 रुपए ले लिए। ब्यूरो की टीम ने आज जाल बिछा कर की गई कार्रवाई में आरोपी उपनिरीक्षक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
एक अन्य मामले में ब्यूरो की टीम ने भरतपुर जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, हलैना के नर्सिंग ऑफिसर मुरारीलाल मीना को परिवादी से 1,000 रुपये की कथित रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
भाषा पृथ्वी
मनीषा
मनीषा

Facebook


