रांची, 17 जुलाई (भाषा) झारखंड के धनबाद जिले में पुलिस वाहन से जुड़ी सड़क दुर्घटना में मृतकों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर दो हो गई। हादसे में घायल एक आरक्षी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह हादसा 14 जुलाई को जीटी रोड पर उस समय हुआ जब चलकुशा थाने की चार सदस्यों वाली टीम धनबाद के मैथन डैम पुलिस चौकी इलाके में छापेमारी के बाद हजारीबाग लौट रही थी।
अधिकारियों के अनुसार, चालक के नियंत्रण खोने से वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गया। आरक्षी राम लखन यादव (55) की मौके पर ही मौत हो गई थी।
चलकुशा थाना प्रभारी सूर्यकांत ने कहा, ‘‘इस दुर्घटना में अब तक हमने दो आरक्षी खो दिए हैं। यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि नरेश कुमार (35) ने तीन दिन तक जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद शुक्रवार को रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।’’
उन्होंने बताया कि दोनों आरक्षी कोडरमा जिले के रहने वाले थे।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल