एनआरसी पर केंद्रीय नेताओं से मिलने नयी दिल्ली जाएगा मणिपुर के विधायकों का प्रतिनिधिमंडल

एनआरसी पर केंद्रीय नेताओं से मिलने नयी दिल्ली जाएगा मणिपुर के विधायकों का प्रतिनिधिमंडल

एनआरसी पर केंद्रीय नेताओं से मिलने नयी दिल्ली जाएगा मणिपुर के विधायकों का प्रतिनिधिमंडल
Modified Date: August 18, 2026 / 05:40 pm IST
Published Date: August 18, 2026 5:40 pm IST

इंफाल, 18 अगस्त (भाषा) मणिपुर सरकार ने मंगलवार को अपना यह रुख दोहराया कि राज्य में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को अद्यतन करने का काम शुरू किया जाना चाहिए। सरकार ने कहा कि इस मुद्दे से केंद्रीय नेताओं को अवगत कराने के लिए विधायकों का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही नयी दिल्ली का दौरा करेगा।

मणिपुर सरकार के प्रवक्ता और विधायक डॉ. सपम रंजन सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘एनआरसी, जनगणना और जनसांख्यिकीय असंतुलन व बदलावों से जुड़ी चिंताओं के मुद्दों पर सरकार बेहद गंभीर है। जनता की चिंताएं हमारी भी चिंताएं हैं।’

सिंह ने बताया, ‘मणिपुर विधानसभा ने पांच अगस्त 2022 को एक प्रस्ताव पारित कर राज्य में एनआरसी लागू करने का आग्रह किया था। इस प्रस्ताव की पुष्टि विधानसभा ने एक मार्च 2024 को फिर से की थी। यह हमारी सरकार के लिए अत्यंत चिंता का विषय और लंबे समय से लंबित मुद्दा रहा है। सरकार इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ लगातार पत्राचार कर रही है।’

उन्होंने कहा कि विधायकों की एक टीम मार्गदर्शन प्राप्त करने और केंद्र सरकार से एनआरसी अद्यतन प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह करने के लिए नयी दिल्ली जाएगी।

सिंह ने कहा, ‘हम शुरुआत से ही एनआरसी की वकालत करते रहे हैं और केंद्रीय नेतृत्व से लगातार अनुरोध कर रहे हैं। हमने पहले ही योजना बनाई थी कि विधायकों का एक दल दिल्ली जाएगा ताकि मार्गदर्शन लिया जा सके और यह मांग की जा सके कि जनगणना से पहले एनआरसी लागू किया जाए। यह हम सभी की जिम्मेदारी है और मुझे विश्वास है कि सकारात्मक दिशा-निर्देश मिलेंगे।’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक दलों, समुदायों या अन्य मतभेदों से ऊपर उठकर इस मुद्दे का समाधान सामूहिक रूप से निकाला जाना चाहिए, क्योंकि यह राज्य और उसके लोगों के भविष्य से जुड़ा विषय है।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में