भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह करने के लिए विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल वांगचुक से मिलेगा

भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह करने के लिए विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल वांगचुक से मिलेगा

भूख हड़ताल समाप्त करने का आग्रह करने के लिए विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल वांगचुक से मिलेगा
Modified Date: July 22, 2026 / 02:32 pm IST
Published Date: July 22, 2026 2:32 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) विपक्षी सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मिलने जाएगा। विपक्षी सांसद उन्हें अपनी 25 दिन से जारी भूख हड़ताल खत्म करने के लिए मनाने और यह भरोसा दिलाने की कोशिश करेंगे कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाया जाएगा। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, वांगचुक से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा, तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य सागरिका घोष और माकपा के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास शामिल होंगे।

इससे पहले, वांगचुक ने कहा था कि अगर सांसद और राजनीतिक पार्टियों के नेता उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि शिक्षा क्षेत्र में जवाबदेही का मुद्दा संसद के मानसून सत्र में उठाया जाएगा, तो वह अपना अनशन खत्म कर देंगे।

हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के बाद, वांगचुक ने घोषणा की कि वह अपना अनशन जारी रखेंगे।

जलवायु कार्यकर्ता वांगचुक ने जंतर-मंतर पर कॉजपा के नेतृत्व में हो रहे विरोध प्रदर्शन में 28 जून को हिस्सा लिया और उन छात्रों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जो परीक्षा में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही, शिक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने 18 जुलाई को जबरन सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया था। हालांकि, उन्हें दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश के बाद मेदांता अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में