ओडिशा के ढेंकानाल में कार के तालाब में गिरने से पांच लोगों की मौत, दो घायल
ओडिशा के ढेंकानाल में कार के तालाब में गिरने से पांच लोगों की मौत, दो घायल
ढेंकानाल, 23 जुलाई (भाषा) ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बृहस्पतिवार तड़के एक कार के सड़क किनारे मौजूद तालाब में गिर जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के इंदीपुर गांव के पास सुबह करीब तीन बजे हुई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय 25 से 28 वर्ष आयु वर्ग के सात लोग अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान श्रीराम साहू (25), अविनाश साहू (28), राकेश कुमार साहू (25), चंद्रकांत स्वैन (27) और अभिजीत साहू (25) के रूप में हुई है।
ढेंकानाल सदर के थाना प्रभारी निरीक्षक प्रियब्रत दास ने कहा, ‘‘हादसा उस समय हुआ, जब चालक रात के अंधेरे में गांव की सड़क पर एक मोड़ को ठीक से पार नहीं कर सका।’’
उन्होंने बताया कि कार के तालाब में गिरने से ठीक पहले दो लोग वाहन से बाहर कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। वहीं, अन्य लोग कार से बाहर नहीं निकल पाए। अधिकारी ने आशंका जताई है कि उनकी मौत दम घुटने से हुई है।
अधिकारी ने बताया कि बाद में दोनों युवकों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस ने बताया कि जब तक कार में फंसे अन्य लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना प्रभारी दास ने कहा कि घायल दोनों लोगों का ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाहन को पानी से बाहर निकाल लिया गया है।
भाषा प्रचेता सुरभि
सुरभि

Facebook


