दिल्ली : दृष्टिबाधित व्यक्ति की हत्या के आरोप में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

दिल्ली : दृष्टिबाधित व्यक्ति की हत्या के आरोप में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

दिल्ली :  दृष्टिबाधित व्यक्ति की हत्या के आरोप में 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
Modified Date: November 29, 2022 / 07:53 pm IST
Published Date: October 11, 2021 6:43 pm IST

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर (भाषा) उत्तर पश्चिमी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक दृष्टिबाधित व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या करने के आरोप में 22 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान इमरान के रूप में की गयी है। इमरान एक स्थानीय दुकान में बढ़ई के रूप में काम करता है और उसे नशा करने की लत भी है। यह घटना उस समय हुई जब दृष्टिबाधित व्यक्ति एक अन्य दृष्टिबाधित महिला के साथ सड़क से गुजर रहा था कि तभी इमरान उससे टकरा कर गिर गया। इस पर इमरान ने दोनों को गालियां देना शुरू कर दिया। दृष्टिबाधित व्यक्ति और उसकी महिला साथी ने जब आपत्ति जताई तो इमरान ने एक पत्थर से दृष्टिबाधित व्यक्ति पर हमला कर दिया।

पुलिस को छह अक्टूबर को एक सूचना मिली की एक युवक ने दृष्टिबाधित व्यक्ति पर पत्थर से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुल्तानपुरी बस टर्मिनल के पास घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को पता चला कि घायल व्यक्ति को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल दृष्टिबाधित व्यक्ति की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गयी।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के निवासी राधेश्याम के रूप में की गयी है। एक दुकान चलाने वाले राधेश्याम को सिर में गंभीर चोट आई थी।

बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त परविंदर सिंह के मुताबिक इस मामले में आरोपी इमरान (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है। इमरान अमन विहार में रहता है।

भाषा

रवि कांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में