दिल्ली: होली पर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत, डिजिटल मार्केटिंग की कर रहा था पढ़ाई

दिल्ली: होली पर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत, डिजिटल मार्केटिंग की कर रहा था पढ़ाई

दिल्ली: होली पर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत, डिजिटल मार्केटिंग की कर रहा था पढ़ाई
Modified Date: March 7, 2026 / 04:05 pm IST
Published Date: March 7, 2026 4:05 pm IST

नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली पर हुई झड़प में मारे गये 26 वर्षीय युवक के परिजनों ने शनिवार को बताया कि वह डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार का सहारा बनना चाहता था।

युवक के परिजन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के मुताबिक, मृत युवक की पहचान तरुण के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को जेजे कॉलोनी इलाके में दो समुदायों के दो परिवारों के बीच गुब्बारे मारने को लेकर हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की बाद में मौत हो गई थी।

तरुण के पिता मेमराज ने घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पानी से भरा एक गुब्बारा गलती से दूसरे परिवार की एक महिला को लग गया, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ।

उन्होंने बताया, “होली की रात करीब 11 बजे का समय था और हम सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी वे (दूसरे समुदाय के लोग) हम पर हमला करने आ गए। दिन में पहले एक छोटी बच्ची से गलती से गुब्बारा गिर गया, जो दूसरे समुदाय की एक महिला पर जा गिरा। उन्होंने इस बात का बहुत बखेड़ा खड़ा कर दिया। हमने उनसे माफी भी मांगी।”

मेमराज के अनुसार, बाद में उस महिला ने अपने रिश्तेदारों को इकट्ठा किया, जो लाठियों से कथित तौर पर लैस होकर आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

तरुण के पिता ने कहा, “उन्होंने पहले हम पर हमला किया और हम अपने घरों की ओर भागे। फिर उन्होंने बाहर से हमारे दरवाजे बंद कर दिए। वे करीब 10 से 12 लोग थे।

उन्होंने बताया, “मेरे भाई को चोट लगी है, उसके सिर में टांके लगे हैं और उसका हाथ टूट गया है। मेरी आंखों में भी चोटें आई हैं और मेरी पत्नी को भी पीटा गया है।”

मृत युवक के पिता ने दावा किया कि तरुण होली खेलने बाहर गया था और घर लौटते समय उस पर हमला हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया, “मेरा बेटा अपने दोस्तों के साथ होली खेलने गया था। जब वह लौटा, तो वे (हमलावर) उसका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसकी हत्या कर दी।”

मेमराज ने बताया कि उनका बेटा डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रहा था और परिवार का सहारा बनने की उम्मीद रखता था। उन्होंने कहा, “वह हमारी उम्मीद था। वह डिजिटल मार्केटिंग की पढ़ाई कर रहा था और उसने हमसे कहा था कि वह हमारा सहारा बनेगा।”

तरुण के चाचा ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान लोगों के एक बड़े समूह ने उन पर हमला किया था।

उन्होंने बताया, “लगभग 25 से 30 लोगों ने हम पर हमला किया। हम सिर्फ तीन लोग थे। गलती से पानी की कुछ बूंदें उस महिला पर गिर गईं और उसने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया, यह कहते हुए कि उसका रोजा टूट गया।”

तरुण के चाचा ने आरोप लगाया कि उनके भतीजे पर घर लौटते समय गली के बाहर हमला किया गया।

उन्होंने कहा, “वह महज 26 साल का था और पढ़ाई कर रहा था। उसे पता ही नहीं चला कि क्या हुआ। हमलावरों ने उसे गली के बाहर पकड़ लिया और हॉकी स्टिक व डंडों से उसके सिर पर वार किए।”

परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि वह अब तक की जांच से संतुष्ट नहीं हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि किसे गिरफ्तार किया गया है और पूरी जांच किस स्थिति में है।

इसी बीच, दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की।

पुलिस ने पहले बताया था कि हत्या के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में