दिल्ली विधानसभा ने किसान की मौत पर शोक जताया
दिल्ली विधानसभा ने किसान की मौत पर शोक जताया
नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) दिल्ली विधानसभा ने किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पंजाब-हरियाणा की खनौरी सीमा पर हुई शुभकरण सिंह की मौत पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया।
सदन का शोक संदेश पढ़ते हुए विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि बुधवार को खनौरी सीमा पर हुई घटना ‘‘बेहद दर्दनाक’’ थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ धीरज से पेश आना चाहिए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। ’’
मूलरूप से बठिंडा के निवासी सिंह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले थे। विधानसभा अध्यक्ष ने मृतक किसान के परिवार के प्रति सदन की संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिवार के पास सिर्फ दो एकड़ जमीन है।
सदन ने प्रख्यात न्यायविद् फली एस नरीमन और प्रसिद्ध रेडियो प्रस्तोता अमीन सयानी के निधन पर भी शोक व्यक्त किया और दो मिनट का मौन रखा।
बजट सत्र की कार्यवाही के दौरान सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक सदन के आसन में जमा हो गए और पानी के बिलों के पुनर्निर्धारण की एकमुश्त समाधान योजना को रोकने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ नारेबाजी की, जिसके चलते दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर सदन की कार्यवाही 25 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही जारी रखने और सीट पर बैठने के लिए अनुरोध किया, लेकिन विधायक तख्तियां लेकर नारेबाजी करते रहे।
दोपहर 12 बजकर 45 मिनट जब सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई ‘आप’ के विधायक फिर से नारेबाजी करते हुए आसन में आ गए। सभापति ने कार्यवाही को शुक्रवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
भाषा खारी माधव
माधव

Facebook


