दिल्ली विधानसभा ने एमसीडी महापौर चुनाव के लिए 14 विधायकों को नामित किया

दिल्ली विधानसभा ने एमसीडी महापौर चुनाव के लिए 14 विधायकों को नामित किया

दिल्ली विधानसभा ने एमसीडी महापौर चुनाव के लिए 14 विधायकों को नामित किया
Modified Date: April 27, 2026 / 08:54 pm IST
Published Date: April 27, 2026 8:54 pm IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सोमवार को एमसीडी महापौर चुनाव के लिए 14 विधायकों को नामित किया, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 11 और आम आदमी पार्टी के तीन विधायक शामिल हैं।

इस वर्ष 29 अप्रैल को होने वाले महापौर चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 273 वोट शामिल हैं, जिनमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा नामित 14 विधायक, सात लोकसभा सदस्य और दिल्ली से तीन राज्यसभा सदस्य हैं, जो विजेता का फैसला करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने रोहिणी-पूर्व से तीन बार के अनुभवी पार्षद प्रवेश वाही को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। आम आदमी पार्टी के चुनाव से हटने और कांग्रेस द्वारा हाजी जरीफ को नामांकित करने के बाद, मौजूदा बहुमत को देखते हुए भाजपा उम्मीदवार की आसानी से जीत की संभावना है।

विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, भाजपा के 11 उम्मीदवारों में राज करण खत्री (नरेला), तिलक राम गुप्ता (त्रिनगर), कैलाश गंगवाल (मादीपुर), श्याम शर्मा (हरि नगर), कैलाश गहलोत (बिजवासन), कुलदीप सोलंकी (पालम), वीरेंद्र सिंह कादियान (दिल्ली कैंट), उमंग बजाज (राजेंद्र नगर), सतीश उपाध्याय (मालवीय नगर), करतार सिंह तंवर (छतरपुर), रविंदर सिंह नेगी (पटपड़गंज) शामिल हैं।

उम्मीदवारों की सूची में ‘आप’ के तीन उम्मीदवार सोम दत्त (सदर बाजार), विशेष रवि (करोल बाजार) और पूनम शर्मा (वजीरपुर) हैं।

इनमें से कैलाश गहलोत (बिजवासन) और करतार सिंह तंवर (छतरपुर) पहले आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता थे, वे पिछले चुनावों में भाजपा में शामिल हो गए थे।

वर्तमान आंकड़ों के अनुसार, भाजपा को 142 वोटों की बढ़त हासिल है, जिसमें 123 पार्षद, सात लोकसभा और दो राज्यसभा सदस्य और 11 विधायक शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के पास 105 वोट हैं, जिनमें 100 पार्षद, तीन विधायक और दो राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। स्वाति मालीवाल ने हाल ही में पार्टी छोड़ी है और भाजपा में शामिल हो गईं।

किसी उम्मीदवार को जीत हासिल करने के लिए 137 वोटों की आवश्यकता होगी।

भाषा शोभना सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में