दिल्लीः नरेला में फ्लैट में पुलिस हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी के शव मिले
दिल्लीः नरेला में फ्लैट में पुलिस हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी के शव मिले
नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के नरेला स्थित एक फ्लैट में शनिवार को दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल और उनकी पत्नी के शव मिले। पुलिस ने कहा कि वह मौत से जुड़ी परिस्थितियों और घटनाओं के क्रम की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तरी जिले में तैनात हेड कांस्टेबल मोनू (लगभग 40 वर्ष) और उनकी पत्नी मीनू (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को सूचना मिली कि नरेला इलाके में एक फ्लैट अंदर से बंद है।
उन्होंने कहा कि इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने कहा कि चूंकि फ्लैट अंदर से बंद था, इसलिए अग्निशमन विभाग की मदद से अंदर प्रवेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मोनू और मीनू के शव फ्लैट के अंदर एक ही कमरे में मिले।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना के वक्त दंपत्ति के दो बच्चे घर से बाहर थे। वे बाद में लौटे और फ्लैट को अंदर से बंद पाया।
सूत्रों ने बताया कि उनके द्वारा दरवाजा खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पड़ोसी वहां जमा हो गए।
शुरुआती विवरण के अनुसार, पड़ोसियों ने कथित तौर पर एक खिड़की से अंदर देखा तो महिला का शव दिखा, जबकि मोनू का शव फंदे पर लटका हुआ था।
हालांकि, पुलिस ने घटनाओं के क्रम या उन परिस्थितियों की पुष्टि नहीं की जिनमें दंपत्ति की मौत हुई।
पुलिस ने कहा कि फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम, अपराध जांच टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर जांच की।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजा हरिश्चंद्र अस्पताल भेज दिया गया है।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस इन मौतों से जुड़ी सभी संभावित परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिनमें यह भी शामिल है कि क्या इस घटना से पहले कोई विवाद हुआ था।
भाषा जोहेब पवनेश
पवनेश

Facebook


