दिल्ली : कारोबारी ने रंगदारी देने से किया इनकार तो उसकी हत्या की साजिश रची, एक गिरफ्तार

Ads

दिल्ली : कारोबारी ने रंगदारी देने से किया इनकार तो उसकी हत्या की साजिश रची, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 01:27 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 01:27 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने रोहिणी के एक कारोबारी द्वारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी न देने पर उसकी कथित तौर पर हत्या करने के इरादे से दिल्ली आए ‘भाऊ गैंग’ से जुड़े एक अंतरराज्यीय अपराधी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी की पहचान गौतम बुद्ध नगर के दादरी निवासी हरेंद्र नागर उर्फ केडी (33) के तौर पर हुई है और उसके पास से दो अत्याधुनिक अवैध पिस्तौल और 14 कारतूस बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने अपने सहयोगी दीपक के साथ मिलकर रोहिणी सेक्टर-7 निवासी कारोबारी अजय यादव उर्फ बॉस से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।

उनके मुताबिक, कारोबारी द्वारा रकम देने से इनकार करने पर आरोपी उसकी हत्या के इरादे से दिल्ली आया था।

पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने रोहिणी सेक्टर-24 में नाले के पास जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी 18 अगस्त 2026 को हरियाणा के अंबाला में एक वैन से लगभग 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषणों की लूट के मामले में भी वांछित था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरेंद्र दिल्ली और हरियाणा में दर्ज चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस अब मामले में शामिल अन्य सहयोगियों और हथियार मुहैया कराने वालों की तलाश कर रही है।

भाषा नोमान मनीषा

मनीषा