कन्नूर (केरलम), 28 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के काफिले को कोल्लम जिले में कई स्थानों पर काले झंडे दिखाए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पिछले सप्ताह कोल्लम के दौरे के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए इसी तरह के प्रदर्शन के जवाब में ये काले झंडे दिखाए।
सतीशन जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं।
पुलिस के अनुसार, भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का एक समूह सड़क किनारे इकट्ठा हुआ और मट्टन्नूर से गुजर रहे मुख्यमंत्री के काफिले को रोकने तथा उसे काले झंडे दिखाने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को प्रदर्शन की आशंका थी, इसलिए वह पहले से ही इलाके में मौजूद थी और उसने प्रदर्शनकारियों को काफिला रोकने से रोक दिया।
टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में दिखायी दिया कि महिला पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में पुरुष पुलिस अधिकारियों को भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को रोकना पड़ा।
पुलिस ने बताया कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने यहां कन्नूर शहर और थाना इलाके में भी सतीशन के काफिले को काले झंडे दिखाने की इसी तरह की कोशिश की।
खबरों के अनुसार, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी है।
युवा कांग्रेस के नेताओं ने 26 सितंबर को शाह के कोल्लम से कुंडरा जाते समय उनके काफिले के सामने काले झंडे दिखाकर प्रदर्शन किया था। शाह कोल्लम जिले में कई कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे थे।
रविवार को भाजपा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जवाब में कोझिकोड और कोल्लम में अलग-अलग घटनाओं में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा, केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और पर्यटन मंत्री पी. सी. विष्णुनाध के काफिलों को भी काले झंडे दिखाए।
भाषा गोला वैभव
वैभव