दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पुष्कर धामी को होटल में आग लगने के मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया

Ads

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पुष्कर धामी को होटल में आग लगने के मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 12:37 AM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 12:37 AM IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को रविवार को आश्वासन दिया कि मालवीय नगर के एक होटल में लगी आग के मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जा रही है।

धामी ने हाल ही में होटल में लगी भीषण आग के मामले में गिरफ्तार किए गए राज्य के एक निवासी के मामले को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री से बात की थी।

उन्होंने होटल में रसोइये के रूप में काम करने वाले आरोपी केशव नेगी के मामले में गुप्ता से बात कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह त्रासदी अत्यंत पीड़ादायक है और इस संवेदनशील मामले पर धामी द्वारा व्यक्त की गई चिंता स्वाभाविक और महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको विश्वास दिलाना चाहती हूं कि इस प्रकरण की जांच पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और विधिसम्मत प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है। दिल्ली सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता है कि न तो कोई दोषी बचना चाहिए और न ही किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ किसी प्रकार का अन्याय होना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियों को तथ्यों, साक्ष्यों और विधि के अनुरूप निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

गुप्ता ने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य केवल सत्य को सामने लाना और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।’’

पुलिस ने रविवार को बताया कि मालवीय नगर स्थित होटल में लगी आग में घायल एक नाइजीरियाई नागरिक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे इस त्रासदी में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 22 हो गई।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष