हैदराबाद, सात जून (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को घोषणा की कि हैदराबाद के पास नागोल और गौरेली के बीच मूसी पुनरुद्धार परियोजना के दूसरे चरण का काम जल्द शुरू होगा।
रेवंत रेड्डी ने यहां मलकाजगिरी नगर निगम भवन और अन्य विकास कार्यों की आधारशिला रखने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी पर मेट्रो रेल, मूसी परियोजना, क्षेत्रीय रिंग रोड, तुम्मिडीहेट्टी बैराज और धान खरीद में बाधा डालने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में साबरमती नदी, उत्तर प्रदेश में गंगा और दिल्ली में यमुना के किनारे नदी तट विकसित किए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘क्या हमें मूसी नदी की सफाई नहीं करनी चाहिए?’’
उन्होंने कहा कि प्रदूषित मूसी नदी के पुनरुद्धार और गंडीपेट से गौरेली तक 55 किलोमीटर लंबे हिस्से में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मूसी नदी तट विकसित करने से युवाओं के लिए बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे और पूरा इलाका वैश्विक पर्यटन स्थल में बदल जाएगा।
रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘‘नागोल और गौरेली के बीच मूसी पुनरुद्धार परियोजना के दूसरे चरण का काम जल्द शुरू होगा। सरकार कार्ययोजना तैयार कर रही है, जिसे 100 दिन में अंतिम रूप दिया जाएगा।’’
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष