दिल्ली कांग्रेस ने पार्टी में युवाओं को संचार भूमिकाएं देने के लिए प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया

Ads

दिल्ली कांग्रेस ने पार्टी में युवाओं को संचार भूमिकाएं देने के लिए प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 10:43 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने मंगलवार को यहां अपना राष्ट्रीय प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया। पार्टी ने इसके तहत युवाओं से मुख्य संचार भूमिकाओं के लिए आवेदन आमंत्रित किया है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के प्रमुख देवेंद्र यादव ने राजीव भवन में इस पहल की घोषणा करते हुए कहा कि आवेदन 15 अप्रैल तक क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखने वाला कोई भी युवा आवेदन कर सकता है।’’

यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रवक्ता, अनुसंधान समन्वयक और प्रचार समन्वयक की भर्ती करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘इसका उद्देश्य पार्टी की संचार व्यवस्था को मजबूत करना और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी राय व्यक्त करने का अवसर देना है।’’

यादव के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल पार्टी की विचारधारा से जुड़े युवाओं की पहचान करेगी और उन्हें विभिन्न स्तरों पर मंच प्रदान करेगी।

डीपीसीसी सदस्यों ने कहा कि इस कदम से साधारण कार्यकर्ताओं और वैचारिक रूप से समान विचारधारा वाले युवाओं को ‘‘देश के हित में अपनी बात कहने’’ का मौका मिलेगा।

उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को कई चरणों वाली प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिसके बाद अंतिम नियुक्ति से पहले एक जूरी द्वारा राज्य स्तरीय मूल्यांकन किया जाएगा।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप