कुलदीप-वंशिका की आलीशान रिसेप्शन पार्टी में लगा राजनीति और खेल जगत के दिग्गजों का जमावड़ा

Ads

कुलदीप-वंशिका की आलीशान रिसेप्शन पार्टी में लगा राजनीति और खेल जगत के दिग्गजों का जमावड़ा

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 12:35 AM IST

लखनऊ, 17 मार्च (भाषा) भारत के मशहूर चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव की शादी का मंगलवार को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

राजनीति और खेल जगत की विभिन्न हस्तियों से सजी इस महफिल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत खेल जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के होटल ‘द सेंट्रम’ में आयोजित इस आलीशान रिसेप्शन पार्टी में कुलदीप अपनी दुल्हन वंशिका के साथ रोल्स-रॉयस विंटेज कार पर सवार होकर पहुंचे। इस मौके पर कुलदीप ने काले रंग का बंद गला सूट, वहीं वंशिका ने क्रीम रंग की साड़ी पहनी थी।

‘पीटीआई-वीडियो’ की फुटेज के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे और इस दौरान कुलदीप ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे। इस दौरान कुलदीप और वंशिका ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अखिलेश ने इस मौके पर नवविवाहित दंपति के साथ फोटो भी खिंचवाई।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना भी रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे और कुलदीप को गले लगाकर उन्हें बधाई दी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने भी रिसेप्शन पार्टी में पहुंच कर नवविवाहित दंपति को शुभकामनाएं दी।

शास्त्रीय संगीत की सुगम धुन के बीच आयोजित रिसेप्शन पार्टी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, भारत के मशहूर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा, विस्फोटक बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी शिखर धवन भी शामिल हुए।

कुलदीप ने 14 मार्च को वंशिका सिंह के साथ उत्तराखंड के मसूरी में शादी की थी।

भाषा

सलीम रवि कांत