चोरी का मामला निपटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में दिल्ली के पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

चोरी का मामला निपटाने के लिए रिश्वत लेने के आरोप में दिल्ली के पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - October 25, 2024 / 08:23 PM IST,
    Updated On - October 25, 2024 / 08:23 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस के सतर्कता विभाग ने चोरी के एक मामले को निपटाने के लिए 25,000 रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

सतर्कता विभाग के एक बयान के अनुसार, बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि कुछ मशीनरी उपकरणों की चोरी के मामले में उसपर झूठा आरोप लगाया गया है जबकि यह मामला किसी और से जुड़ा है।

शिकायतकर्ता ने अधिकारियों को यह भी बताया कि उसने प्राथमिकी को रद्द कराने के लिए 18 सितंबर को शहर की एक अदालत का रुख किया था और अदालत ने यह कहते हुए मामले का निपटारा कर दिया कि याचिकाकर्ता मामले के जांच अधिकारी (आईओ) के समक्ष संबंधित दस्तावेज जमा नहीं कर सका और यदि वह संतुष्ट है, तो एक क्लोजर रिपोर्ट दायर की जा सकती है।

शिकायत के अनुसार जब शिकायतकर्ता ने समयपुर बादली थाने में तैनात जांच अधिकारी कृष्ण चंद से संपर्क किया तो उन्होंने दस्तावेजों के आधार पर कार्रवाई करने के बजाय मामले को बंद और रद्द करने के लिए 35,000 रुपये मांगे।

बयान में कहा गया है कि बृहस्पतिवार शाम को समयपुर बादली थाने में जाल बिछाया गया। इस दौरान चंद ने शिकायतकर्ता को अपने कमरे में बुलाया, जहां उसने रिश्वत की रकम लेकर अपनी जेब में रख ली, तभी सतर्कता दल ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

अधिकारियों ने बताया कि अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (पीओसी) अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जोहेब रंजन

रंजन