दिल्ली : दक्षिण रोहिणी में लूट के दौरान बुजुर्ग की हत्या, भांजी समेत तीन गिरफ्तार
दिल्ली : दक्षिण रोहिणी में लूट के दौरान बुजुर्ग की हत्या, भांजी समेत तीन गिरफ्तार
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक घर में लूटपाट और 60 वर्षीय बुजुर्ग की कथित तौर पर हत्या करने के मामले में मृतक की भांजी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान बुराड़ी निवासी सिमरन तनेजा (23), चिराग (22) और पारस (19) के रूप में हुई है जबकि उनका एक साथी फरार है।
पुलिस ने बताया कि सिमरन तनेजा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका है और मृतक की भांजी है तथा वह अपराध की कथित मुख्य साजिशकर्ता भी है।
रोहिणी के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जायसवाल के मुताबिक, मंगलवार रात 8:14 बजे दक्षिण रोहिणी थाने को रोहिणी के सेक्टर-3 स्थित एक मकान में लूट और एक व्यक्ति के अचेत पड़े होने की सूचना दी गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर और जयपुर गोल्डन अस्पताल पहुंची, जहां परिजनों द्वारा लाए गए लगभग 60 वर्षीय राकेश खन्ना को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह दिल की बीमारी से पीड़ित भी थे।
डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल की जांच, एफएसएल और अपराध टीम के निरीक्षण से पता चला कि मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे तीन व्यक्ति घर में घुसे थे, जबकि उनका एक साथी बाहर निगरानी कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले 30 अगस्त को इलाके की रेकी की थी।
पुलिस ने बताया कि घर से लगभग 1.5 लाख रुपये नकद और सोने के कुछ गहने लूटे गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 70 हजार रुपये नकद और चोरी के कुछ गहने बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में दक्षिण रोहिणी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), (हत्या) 309(4)(लूट) और 3(5)(साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि एक आरोपी हिमांशु फरार है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश से जारी है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
भाषा नोमान सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


