दिल्लीः अशोकविहार में तड़ीपार अपराधी गिरफ्तार, पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद

Ads

दिल्लीः अशोकविहार में तड़ीपार अपराधी गिरफ्तार, पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 08:03 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 08:03 PM IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) पुलिस ने एक तड़ीपार अपराधी को उत्तर पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके से गिरफ्तार किया है। वह प्रतिशोध में एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए कथित रूप से साजिश रच रहा था और उसके पास से एक अर्ध स्वचालित पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी अजीत उर्फ शिवम (25) को अशोक विहार थाने ने खराब चरित्र (बीसी) का व्यक्ति घोषित किया है और वह पहले भी लूट, झपटीमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत 39 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि आरोपी अपराध करने के इरादे से वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।

उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस दल ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक अर्ध स्वचालित पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद किए।

उनके मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर खुलासा किया कि वह उस व्यक्ति की हत्या की साजिश रच रहा था जिसने 2025 में उसकी बहन पर हमले से जुड़े हत्या के प्रयास के मामले में अग्रिम जमानत हासिल कर ली है।

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश