उत्तर प्रदेश: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 12:03 AM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 12:03 AM IST

देवरिया (उप्र), सात मई (भाषा) देवरिया जिले में ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टेबाजी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 18 एटीएम कार्ड, सात मोबाइल, एक लैपटॉप, चार स्कैनर, बैंक पासबुक, चेकबुक, सिमकार्ड और 29070 रुपये नकद बरामद किए गए। साथ ही ठगी में उपयोग किए जा रहे 12 बैंक खातों में जमा 1.25 लाख रुपये पर रोक लगाई गई।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिजीत आर शंकर ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग व सट्टा खिलाने के नाम पर ठगी करने की जानकारी मिली थी। मामले की जांच विशेष अभियान समूह (एसओजी) एवं श्रीरामपुर थाने की पुलिस कर रही थी। बुधवार की रात सूचना मिली कि प्रतापपुर फैक्ट्री की चहारदीवारी के पास ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य मौजूद हैं।

उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने आरोपियों नितीश प्रताप सिंह, कमलेश सिंह और मृत्युंजय खरवार को गिरफ्तार कर लिया। एसपी के मुताबिक, गिरोह की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे अन्य बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर आशीष

आशीष