दिल्ली में तेज गर्मी, न्यूनतम औसत तापमान 2023 के बाद से सबसे अधिक दर्ज किया गया

दिल्ली में तेज गर्मी, न्यूनतम औसत तापमान 2023 के बाद से सबसे अधिक दर्ज किया गया

दिल्ली में तेज गर्मी, न्यूनतम औसत तापमान 2023 के बाद से सबसे अधिक दर्ज किया गया
Modified Date: March 5, 2026 / 09:09 pm IST
Published Date: March 5, 2026 9:09 pm IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली में मार्च माह के पहले पांच दिनों में औसत न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2023 के बाद सबसे ज्यादा है। असामान्य रूप से गर्म रातों और दिन के उच्च तापमान के कारण पारा सामान्य स्तर से काफी ऊपर पहुंच गया।

इस अवधि के लिए औसत न्यूनतम तापमान इससे पहले 2023 में था, जब यह 16.2 डिग्री सेल्सियस पर चला गया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बृहस्पतिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक है।

न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 4.8 डिग्री अधिक है।

मौसम की स्थिति के बारे में बताते हुए स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा कि अगले कम से कम 10 दिनों तक दिल्ली और पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों में कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने की संभावना नहीं है।

पलावत ने कहा, ‘आने वाले दिनों में आसमान साफ ​​रहने और तेज धूप निकलने के संकेत हैं, जिससे सुबह और शाम दोनों समय तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है। आने वाले दिनों में हवा की गति भी बढ़ने की संभावना है।’

पालम में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है।

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.0 डिग्री अधिक था।

रिज में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक था।

आयानगर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक था।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिन भर आसमान मुख्यतः साफ रहा और सतह पर हवा की गति 15-25 किमी प्रति घंटा के बीच बनी रही, साथ ही कभी-कभी 35 किमी प्रति घंटा तक के झोंके भी आए। शाम 5:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को साफ आसमान रहने का अनुमान लगाया है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शाम छह बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 145 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में था।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में