नयी दिल्ली, 24 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने लक्ष्मी नगर में एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कॉल सेंटर एयरलाइंस कंपनियों में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को झांसा देकर कथित तौर पर पैसे ऐंठता था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एयरलाइन कंपनी के मानव संसाधन (एचआर) प्रतिनिधि बनकर नौकरी चाहने वाले पीड़ितों को ‘ग्राउंड ड्यूटी’ की नौकरी देने का लालच देते थे और फिर पंजीकरण तथा रोजगार से जुड़े अन्य शुल्कों के बहाने यूपीआई के माध्यम से पैसे स्थानांतरित कराते थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद ज़ैद (30) और दो महिलाओं – सदफ (24) तथा तनीषा (21) के रूप में हुई है, जो सभी दिल्ली के रहने वाले हैं।
यह मामला तब सामने आया जब छत्तीसगढ़ के एक निवासी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसमें आरोप लगाया गया कि एयरलाइन का एचआर प्रतिनिधि बनकर एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और 14,000 रुपये के वेतन वाली नौकरी की पेशकश की।
शिकायतकर्ता ने यूपीआई के माध्यम से 14,500 रुपये स्थानांतरित कर दिए, लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हुई है।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि जांच के दौरान के पाया गया कि यह राशि पूर्वी दिल्ली के एक एटीएम के जरिए निकाली गई थी। इसके बाद 20 अगस्त को एक प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि जिस बैंक खाते में पैसा गया था वह जैद में नाम पर पाया गया, जिसके बाद उसकी गतिविधियों पर नज़र रखी गई और उसे लक्ष्मी नगर से पकड़ लिया गया।
उससे पूछताछ के बाद पुलिस टीम सदफ और तनीषा तक पहुंची। उनसे पूछताछ में पता चला कि तीनों नौकरी चाहने वालों को निशाना बनाने के लिए लक्ष्मी नगर से कथित तौर पर एक कॉल सेंटर चला रहे थे।
अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी संभावित पीड़ितों से संपर्क करने के लिए कई मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करते थे, खुद को एयरलाइंस कंपनी का एचआर कर्मी बताते थे और उन्हें ग्राउंड-ड्यूटी पदों की पेशकश करते थे।’
भाषा नोमान तान्या मनीषा
मनीषा