दिल्ली: डाबड़ी के अस्पताल में आग लगी, कोई हताहत नहीं

Ads

दिल्ली: डाबड़ी के अस्पताल में आग लगी, कोई हताहत नहीं

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 12:32 PM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 12:32 PM IST

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबड़ी इलाके में स्थित एएस अस्पताल में बिजली संबंधी उपकरणों में आग लग जाने के कारण वहां से दर्जनों मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रविवार रात लगभग 10:25 बजे, डाबड़ी-पालम रोड पर स्थित एएस मल्टी किडनी अस्पताल में आग लगने की सूचना मिली।

अधिकारियों ने बताया कि मौके पर दमकल की पांच गाड़ियों को भेजा गया।

डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा कि रात करीब 10:40 बजे आग पर काबू पा लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि रात 10:27 बजे सागरपुर थाने को आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद लगभग 15 पुलिसकर्मी एवं कैट्स एम्बुलेंस टीमें मौके पर पहुँचीं।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक अस्पताल के कर्मचारियों ने अग्निशामक यंत्रों का उपयोग करके आग को पहले ही बुझा दिया था।”

प्रारंभिक जांच से पता चला कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

पुलिस के अनुसार, घटना के समय अस्पताल में 15 से अधिक मरीज मौजूद थे।

अधिकारी ने कहा, “अस्पताल प्रशासन ने तुरंत ही सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।”

अधिकारी ने कहा कि घटना के दौरान, सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंचे, ताकि अस्पताल के कर्मचारियों एवं आपातकालीन सेवा के कर्मियों की मदद की जा सके।

आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

भाषा नोमान तान्या मनीषा

मनीषा