दिल्ली : मोहपाश में फंसाकर लूट को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, युवती समेत तीन गिरफ्तार

Ads

दिल्ली : मोहपाश में फंसाकर लूट को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़, युवती समेत तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 17, 2026 / 07:18 PM IST,
    Updated On - April 17, 2026 / 07:18 PM IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में मोहपाश में फंसाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 22 वर्षीय युवती समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि युवती पीड़ितों को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह पर ले जाती, जहां उसके दो पुरुष साथी उनसे लूटपाट करते थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “इस गिरोह का खुलासा 13 अप्रैल को हुआ, जब महरौली-बदरपुर रोड के पास बैद्यनाथ कामत नाम के एक व्यक्ति को कथित तौर पर निशाना बनाया गया। युवती ने कामत को पार्क की दीवार के पास बुलाया और जब वह उसके पीछे गया, तो दो लोगों ने उसे रोककर चाकू की नोक पर उससे लूटपाट की और फिर फरार हो गए।”

अधिकारी के मुताबिक, महरौली थाने की एक टीम ने संदिग्धों का पीछा किया और लाडो सराय से राहुल (29) नामक एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब रही।

उन्होंने बताया कि इसके बाद युवती और उसके एक और साथी समीर (22) को तकनीकी निगरानी की मदद से गिरफ्तार कर लिया गया तथा उनके पास से शिकायकर्ता का सामान भी बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, राहुल आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं।

भाषा

नोमान नोमान पारुल

पारुल