दिल्ली सरकार ने कैंसर की नकली दवाओं पर नकेल कसने के लिए चलाया अभियान

दिल्ली सरकार ने कैंसर की नकली दवाओं पर नकेल कसने के लिए चलाया अभियान

दिल्ली सरकार ने कैंसर की नकली दवाओं पर नकेल कसने के लिए चलाया अभियान
Modified Date: February 9, 2026 / 09:19 pm IST
Published Date: February 9, 2026 9:19 pm IST

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) कैंसर की नकली और घटिया दवाओं के खिलाफ एक विशेष अभियान के तहत, दिल्ली सरकार ने शहर भर में 25 कंपनियों का निरीक्षण किया और 55 नमूने एकत्र किए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देशानुसार, औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा जीवन रक्षक कैंसर दवाओं पर नियामक निगरानी को मजबूत करने तथा गंभीर उपचार करा रहे रोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया गया।

बयान के अनुसार औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने पूर्वी, दक्षिणी, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के प्रमुख अस्पताल समूहों और दवा बाजारों के आसपास के क्षेत्रों में कैंसर रोधी दवाओं का कारोबार करने वाले खुदरा और थोक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

औषधि नियंत्रण विभाग ने बताया कि लक्ष्मी नगर, यूसुफ सराय, ग्रीन पार्क, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, पश्चिम विहार, द्वारका और रोहिणी सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।

बयान में कहा गया है कि छह कंपनियों को औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन नियमों के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए पाया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इसमें कहा गया है कि कैंसर की दवाओं के कुल 33 कानूनी नमूने और 22 नमूने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए एकत्र किए गए ताकि उनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुपालन की पुष्टि की जा सके। परीक्षण परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी ताकि किसी भी घटिया या नकली दवा के प्रचलन को रोका जा सके।

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर बल दिया कि कैंसर रोधी दवाएं महत्वपूर्ण और जीवन रक्षक दवाएं हैं और कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता रोगी की सुरक्षा के लिए गंभीर जोखिम पैदा करता है।

उन्होंने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला की निगरानी तेज कर दी गई है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल सुरक्षित, प्रभावी और मानकों के अनुरूप दवाएं ही अस्पतालों, फार्मेसियों और मरीजों तक पहुंचें।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में