नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार यातायात जाम कम करने की अपनी व्यापक पहल के तहत रेलवे फाटकों पर भूमिगत पार पथ के निर्माण के लिए व्यवहार्यता अध्ययन करने की योजना बना रही है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वर्तमान में राजधानी में लगभग 8-10 रेलवे फाटक हैं जहां भारी जाम लगता है। उन्होंने बताया कि यातायात जाम से बचने के लिए निवासियों को अक्सर लंबे वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ता है, जिसके परिणामस्वरूप यात्रा का समय बढ़ जाता है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, ‘इन रेलवे फाटक पर वाहनों की संख्या बहुत अधिक है। हम इस बात का अध्ययन करने के लिए एक योजना पर काम कर रहे हैं कि क्या पंजाबी बाग और पीरागढ़ी चौक के नीचे एक सुरंग का निर्माण कर सकते हैं ताकि रेलवे की पटरी के दोनों ओर रहने वाले लोगों की आवाजाही आसान हो सके।’
वर्तमान में एक तरफ पंजाबी बाग और पश्चिम विहार तथा दूसरी तरफ रानी बाग और पीतमपुरा के बीच पांच किलोमीटर लंबी रेलवे की पटरी गुजरती है। उन्होंने कहा कि हम उस स्थान पर सुरंग या ओवरब्रिज (जो अधिक उपयुक्त होगा) बनाने की योजना बना रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार एक वैकल्पिक मार्ग की योजना बनाई जा रही है।
यातायात की भीड़भाड़ को कम करने की अपनी योजना के तहत, विभाग दक्षिणी दिल्ली के बवाना, महरौली-महिपालपुर रोड और अरुणा आसफ अली रोड इलाकों में तीन फ्लाईओवर बनाने की योजना का भी अध्ययन कर रहा है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश